शनिवार, 19 मार्च 2016

हौसलों की उड़ान ​

     
                                                       
     महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं चाहे वो लड़ाकू विमान चलाने की बात हो,चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या फिर खेल का मैदान , हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी कामयाबी के झंडे गाड़े हैं। लेकिन अब कृषि के क्षेत्र में भी महिलाओं ने अपना दबदबा कायम किया है । कृषि क्षेत्र में अपने बूते पर एक मिसाल कायम की है यमुनानगर के गांव हरेवा की सोना देवी ने । जिसने धान की औसत पैदावार निकालने में पहला स्थाान हासिल किया है । सोना देवी की इसी उपलिब्ध को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि मेले के दौरान सोना देवी को कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया है । सोना देवी ये पुरस्कार पाकर बेहद खुश हैं ...आज उनकी इस उपलिब्ध पर पूरा हरियाणा गर्व कर रहा है । 

           सोना देवी ने इस उपलब्धि को ऐसे ही हासिल नहीं किया है।इसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत थी और कठिन हालातों के सामने घुटने टेकने की बजाए वे अपना सहारा खुद ही बनीं । सोना देवी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन वो खुद पीएम के हाथों ये सम्मान हासिल करेंगी । सोना देवी पर उस वक्त मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा था जब उनके पति की अचानक मौत हो गई । पति की मौत के बाद सोना देवी के सामने रोजी रोटी की समस्या खड़ी हो गई । जिसके बाद सोना देवी ने खुद अपना और अपने परिवार का पालन पोषण करने का बीड़ा उठाया और खेती करनी शुरू कर दी । जिसके बाद उन्हें एक कामयाब महिला किसान होने का फख्र हासिल हुआ ।  

           सोना देवी ने प्रदेश में धान की औसत पैदावार निकालने में पहला स्थान हासिल किया है । यही वजह है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मानित किया । उनके पास पांच एकड़ जमीन है जिस पर वो खेती करती हैं ...यमुनानगर के कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ आदित्य डबास का कहना है कि प्रति वर्ष प्रत्येक सीजन में कृषि विभाग की ओर से फसल की कटाई परीक्षण के तहत औसत पैदावार का आंकलन किया जाता है । जिला यमुनानगर से 70 परीक्षण भेजे गए थे जिनमें से 67 पुरूष और तीन महिला किसानों की ऐंट्री थी औसत पैदावार जांचने के लिए परीक्षण सांख्यिकी विंग को भेज दिए थे जिनमें से हरेवा की महिला किसान सोना देवी के धान के खेत की औसत पैदावार 21 क्विंटल प्रति एकड़ प्रदेश में सर्वाधिक रही । कृषि निदेशक के मुताबिक सोना देवी एकमात्र ऐसी महिला किसान हैं ,जिन्हें किसान मेले में स्वंय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम मनोहर लाल खट्टर और हरियाणा के कृषि मंत्री की मौजूदगी में सम्मानित किया है । 
    सोना देवी की इस उपलिब्ध पर ​यमुनानगर ही नहीं पूरा हरियाणा फख्र महसूस कर रहा है । सोना देवी ने अपने हौसले और हिम्मत की बदौलत ही ये मुकाम हासिल किया है । उन्होंने ये साबित कर दिया है कि दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा और जुनून हो तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता । 

 शमिन्द्र कौर कलेर 

1 टिप्पणी: